दिल्ली में कोरोना के चलते 24 घंटे में 112 लोगो की मौत, आज से वीकेंड कर्फ्यू

97

जागरण प्लस, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना का तांडव जारी है। हर बदलते दिन के साथ कोरोना के मामले, मौतों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में दिल्ली का संकट गहराता दिख रहा है। इस महासंकट के बीच ही आज से राजधानी में वीकेंड कर्फ्यू की शुरुआत हो रही है, जिसका ऐलान बीते दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की थी।

बीते दिन दिल्ली में कोरोना का हाल
• 24 घंटे में आए कुल केस: 16,699
• 24 घंटे में हुई कुल मौत: 112
• अबतक कुल कोरोना केस: 7,84,137
• एक्टिव केसों की संख्या: 54,309
• अबतक हुई कुल मौतें: 11,652

दिल्ली में आज से वीकेंड कर्फ्यू
राजधानी में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच अहम फैसले भी लिए गए हैं। पहले से ही नाइट कर्फ्यू लागू था, लेकिन अब वीकेंड कर्फ्यू भी लगा दिया गया है। शुक्रवार रात दस बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक वीकेंड कर्फ्यू रहेगा, जिसमें घरों से बाहर निकलने की मनाही होगी। सिर्फ जरूरी सेवाएं चालू रहेंगी।

वीकेंड कर्फ्यू के दौरान दिल्ली में मॉल, जिम, स्वीमिंग पूल, स्पा और अन्य चीज़ें पूरी तरह से बंद रहेंगी। थियेटर सिर्फ 30 फीसदी की क्षमता से चलेंगे। रेस्तरां में बैठकर खाना बैन है, सिर्फ होम डिलीवरी की सुविधा रहेगी। इसके अलावा अंतरराज्यीय परिवहन सेवा, मेट्रो, डीटीसी की बसें आदि चलती रहेंगी।

अगर किसी को अस्पताल जाना है, वैक्सीन लगवानी है, एयरपोर्ट-बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन जाना है तो उन्हें छूट मिलेगी। किसी का शादी का कार्यक्रम है, तो उन्हें ई-पास लेने होंगे तब इजाजत मिलेगी।

अस्पताल से लेकर श्मशान तक हाल बेहाल
आपको बता दें कि दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में बीते कुछ दिनों से बेड्स की कमी की समस्या आ रही है, इसके अलावा ऑक्सीजन को लेकर भी परेशानियां सुनने को मिल रही हैं। हालांकि, दिल्ली सरकार का दावा है कि बेड्स की संख्या को बढ़ाया गया है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही नज़र आ रही है। दिल्ली में मौतों का आंकड़ा बढ़ने से श्मशान के बाहर भी लंबी कतार हैं।