साल 2021 में 6 फिल्मों के साथ अक्षय तो 3 फिल्मों के साथ तैयार है सलमान खान

115

मनोरंजन को लेकर साल 2021 से बहुत सी उम्मीदें हैं। उम्मीदें इसलिए भी बहुत अधिक हैं क्योंकि वो फ़िल्में भी इस साल रिलीज़ होंगी बीते साल रिलीज़ नहीं हुईं। ना ही ओटीटी पर और ना ही सिनेमा घरों में। उसके साथ ही इस साल रिलीज़ के लिए तैयार फ़िल्में तो होंगी ही।

सलमान ख़ान लगाएंगे तीन का तड़का
हर साल जहाँ सलमान ख़ान की एक या दो फ़िल्में रिलीज़ होती हैं वही साल 2021 में सलमान ख़ान की तीन फ़िल्में रिलीज़ होनी हैं। सलमान ख़ान अपनी फ़िल्म ‘राधे’ को 2020 में ईद पर रिलीज़ करना चाहते थे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। इसलिए अब ये फ़िल्म 2021 में ईद पर रिलीज़ करने की योजना है। राधे के अलावा ‘अंतिम’ और ‘कभी ईद, कभी दिवाली’ भी इसी साल रिलीज़ होंगी।
सलमान खान की फ़िल्म ‘वॉन्टेड’ में उनके किरदार का नाम राधे था जिसका निर्देशन प्रभु देवा ने किया था और अब ‘राधे’ का निर्देशन भी प्रभु देवा ने ही किया है। सलमान ख़ान के साथ इस फ़िल्म में रणदीप हुड्डा और दिशा पटानी नज़र आएंगे।
फ़िल्म ‘अंतिम’ में सलमान ख़ान के साथ उनके जीजा आयुष शर्मा नज़र आएंगे और इस फिल्म का निर्देशन महेश मांजरेकर ने किया है। सलमान ख़ान की तीसरी फ़िल्म ‘कभी ईद, कभी दिवाली’ का निर्देशन साजिद सामजी कर रहे हैं।

रणवीर सिंह सर्कस से लेकर मैदान तक

अभिनेता रणवीर सिंह भी उन अभिनेताओं में से एक है जिनकी इस साल तीन फ़िल्में रिलीज़ होंगी।
पहली फ़िल्म ’83’, यह फ़िल्म साल 1983 में क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर आधारित है।
रणवीर सिंह इसमें उस समय के कप्तान कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं। रणवीर सिंह के अलावा इसमें दीपिका पादुकोण, पंकज त्रिपाठी, ताहिर राज भसीन मुख्य भूमिका में हैं। इसका निर्देशन कबीर ख़ान कर रहे हैं।
अभिनेता रणवीर सिंह की दो और फ़िल्में इस साल रिलीज़ होनी हैं, ‘जयेशभाई ज़ोरदार’ और ‘सर्कस’।
फ़िल्म सर्कस का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है। फ़िल्म जयेशभाई ज़ोरदार का निर्माण यशराज फिल्म्स के तहत हो रहा है।
ये फ़िल्में भी 2020 में रिलीज़ होनी थी लेकिन कोरोना के चलते सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच पाई और अब फ़िल्ममेकर इन फ़िल्मों को सिनेमाघर में ही रिलीज़ करने का मन बना चुके हैं।

छह फ़िल्मों के साथ तैयार हैं अक्षय कुमार

साल 2020 में अक्षय कुमार का जादू नहीं चल सका और उनकी फ़िल्म ‘लक्ष्मी’ बम की काफी आलोचना हुई।
साल 2021 में अक्षय कुमार की छह फ़िल्में रिलीज़ होनी हैं। उनकी पहली फ़िल्म होगी ‘सूर्यवंशी’, जो 2020 में रिलीज़ होनी थी लेकिन हो नहीं पायी। उसके बाद रक्षाबंधन, बेलबॉटम, पृथ्वीराज, अतरंगी रे और बच्चन पांडेय रिलीज़ होंगी।
अतरंगी रे और रक्षाबंधन का निर्देशन आनंद एल राय कर रहे हैं।

आमिर ख़ान लाल सिंह चड्ढा’ के किरदार में दिखेंगे
अभिनेता आमिर ख़ान दो साल में एक फ़िल्म करते हैं और इस बार भी उनकी एक ही फ़िल्म रिलीज़ होगी। आमिर ख़ान इस साल ‘लाल सिंह चड्ढा’ के किरदार में दिखाई देंगे। उनके साथ करीना कपूर, विजय सेठी और मोना सिंह भी मुख्य किरदार में हैं। इस फ़िल्म का डायरेक्शन अद्वैत चंदन कर रहे हैं जिन्होंने इससे पहले सीक्रेट सुपरस्टार बनाई थी।

अजय देवगन की होगी तीन बड़ी फ़िल्में
सैफ अली ख़ान की तरह अभिनेता अजय देवगन भी तीन बड़ी फ़िल्मों में नज़र आएंगे। पहली फ़िल्म है ‘भुज-दा प्राइड ऑफ़ इंडिया’।
ये फ़िल्म थिएटर में नहीं ओटीटी पर रिलीज़ होगी। अजय देवगन की दूसरी फ़िल्म ‘मैदान’ हालांकि थिएटर में रिलीज़ होगी। इस फ़िल्म को अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया है। यह फिल्म इंडियन नेशनल फ़ुटबॉल टीम के कोच और मैनेजर सईद अब्दुल रहीम की बायॉपिक है। तीसरी फ़िल्म है ‘आर.आर.आर’ इसका निर्देशन एसएस राजामौली ने किया है और इस फ़िल्म में अजय देवगन भारतीय स्वतंत्रता सेनानी के किरदार में दिखेंगे।

पहली बार पर्दे पर दिखेगी आलिया और रणबीर की जोड़ी
अभिनेता रणबीर कपूर की आख़िरी फ़िल्म ‘संजू’ साल 2018 में आई थी। संजू संजय दत्त की बायोपिक थी। लेकिन इस साल उनकी तीन फ़िमें रिलीज़ होनी हैं। सबसे पहले रिलीज़ होगी ‘ब्रह्मास्त्र’. इसके बाद यशराज बैनर की ‘शमशेरा’।
इसके बाद रिलीज़ होगी लव रंजन के निर्देशन में बन रही फ़िल्म। इसमें रणबीर कपूर और अभिनेत्री श्रद्धा कपूर नज़र आएंगे। यह एक रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म होगी। फ़िल्म का टाइटल अभी नहीं आया है।
फ़िल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ धर्मा प्रोडक्शन्स की फ़िल्म है और इसका निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है। ये रणबीर और आलिया भट्ट की साथ में पहली फ़िल्म है।

कटरीना, दीपिका, तापसी और कंगना की फ़िल्में होंगी रिलीज़
अभिनेत्री कटरीना कैफ नज़र आएँगी अपनी फ़िल्म ‘फ़ोन भूत’ में और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण नज़र आएंगे शकुन बत्रा की फ़िल्म में जिसका टाइटल अभी नहीं दिया गया है।
ये दोनों ही अभिनेत्री की फ़िल्म 2021 में आएगी और दोनों के ही फ़िल्म में हीरो रहेंगे सिद्धांत चतुर्वेदी। कटरीना, दीपिका के बाद कंगना रनौत भी नज़र आएँगी अपनी फ़िल्म तेजस में। इस फ़िल्म में कंगना लड़ाकू विमान उड़ाते नजर आएंगीं। अभिनेत्री तापसी पन्नू की फ़िल्म रश्मि रॉकेट भी इसी साल रिलीज़ होगी।
अपनी फ़िल्मों से चर्चा में बने रहने वाले अभिनेता आयुष्मान खुराना एक बार फिर निर्देशक अनुभव सिन्हा के साथ फ़िल्म लेकर आ रहे हैं जिसका नाम है ‘अनेक’। इससे पहले ये जोड़ी दिखी थी फ़िल्म आर्टिकल 15 में।
आयुष्मान खुराना की दूसरी रिलीज़ फ़िल्म है ‘ चंडीगढ़ करे आशिकी’ इस फ़िल्म में उनके साथ नज़र आएँगी अभिनेत्री वाणी कपूर। आयुष्मान खुराना के साथ- साथ अभिनेता राज कुमार राव की फ़िल्म ‘बधाई दो’ भी होगी रिलीज़ ये फ़िल्म आयुष्मान खुराना की फ़िल्म बधाई हो की फ्रैंचाइज़ी है।

अमिताभ बच्चन के साथ नज़र आएँगी रिया चक्रवर्ती
अभिनेता विक्की कौशल की बहुचर्चित फ़िल्म सरदार उधम भी इसी साल रिलीज़ होगी। जिसका निर्देशन किया है निर्देशक सुजीत सरकार ने। इस साल अभिनेता अमिताभ बच्चन की फिल्म चेहरे भी रिलीज़ होने जा रही है।
ये फ़िल्म 2020 में रिलीज़ होनी थी लेकिन कोरोना और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के साथ हो रही कंट्रोवर्सी के चलते रिलीज़ नहीं की थी लेकिन 2021 में अब रिलीज़ करने का फैसला कर लिया गया है।